बाराबंकी। डीआरडीए स्थित गांधी सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं तथा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के तहत संचालित विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन आईटीआई सिरौलीगौसपुर के अवशेष भवनों के कार्य में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण में भी धीमी प्रगति मिलने पर राजकीय निर्माण निगम के अभियंता को नोटिस जारी करने को कहा।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से नियमित स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की निगरानी करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं की प्रगति धीमी है, वहां आवश्यकतानुसार संसाधन और श्रमिक बढ़ाकर कार्य में तेजी लाई जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब मिलने पर संबंधित अधिकारी और कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी तय की जाएगी। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभागों को निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने, डाटा फीडिंग में शुद्धता बनाए रखने और योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। सी एवं डी श्रेणी में आने वाले विभागों को विशेष प्रयास कर कमियों को दूर करने और अपनी रैंकिंग में सुधार लाने को कहा। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए राकेश कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।