अधूरे अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण तत्काल पूरा कराए: ईशान प्रताप सिंह

बाराबंकी। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में ग्राम विकास, पंचायती राज, गौ आश्रय स्थलों एवं जिला स्वच्छता समिति से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधूरे अन्नपूर्णा भवनों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिस दिन अन्नपूर्णा भवन अथवा आंगनबाड़ी केंद्र की छत डाली जाए, उस दिन संबंधित सप्लाई इंस्पेक्टर अथवा सीडीपीओ की मौके पर उपस्थिति अनिवार्य हो। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। ग्राम विकास योजनाओं की समीक्षा में उन्होंने सभी बीडीओ को अपने-अपने विकासखंडों में ग्रामवार जीरो तालाब चिन्हित कर बीबीजी रामजी योजना के तहत उनकी खुदाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही गांवों में खाली पड़ी भूमि को चिन्हित कर गौ आश्रय स्थलों के लिए चारे की खेती कराने को कहा। गौ आश्रय स्थलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नामित नोडल अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय पर निरीक्षण नहीं करने वाले नोडल अधिकारियों का वेतन बाधित किया जाए।

read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/डिप्टी सीवीओ को सभी गौ आश्रय स्थलों पर पंचनामा रजिस्टर नियमित रूप से भरवाने और प्रतिदिन गौवंश की संख्या का आंकड़ा अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने केयरटेकर के मानदेय का समय से भुगतान तथा गौ आश्रय स्थलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को भी कहा। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा में जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन आवासों की प्रगति बढ़ाने और पात्र लाभार्थियों को समय से योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों में तेजी लाने तथा समूहों को मिलने वाली धनराशि का लाभ सभी पात्र सदस्यों तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने ग्रामों में स्थापित की जा रही डिजिटल लाइब्रेरियों के शेष कार्य शीघ्र पूरा कर उन्हें उपयोगी एवं बेहतर स्वरूप देने के निर्देश दिए। विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचने वाले खराब रास्तों को प्राथमिकता से दुरुस्त कराने तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। पंचायती राज एवं स्वच्छता कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामों में सफाई व्यवस्था मजबूत करने, नालियों की नियमित सफाई, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा सामुदायिक परिसंपत्तियों के उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। 17 सितंबर से शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अभियान को व्यापक जनसहभागिता के साथ उत्सवपूर्वक आयोजित करने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ पंकज वर्मा, जिला विकास अधिकारी भूषण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए राकेश कुमार सिंह, डिप्टी सीवीओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *