पुलिस मुठभेड़ में शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल

बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। अपराध और अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिहारीगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर नशा तस्कर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है। पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपदभर में अपराधियों के खिलाफ विशेष चेकिंग और धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19ध्20 जून की रात प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ द्रोणाचार्य इंस्टीट्यूट खुशहालीपुर के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सतपुरा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। उबड़-खाबड़ रास्ते पर मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई, जिसके बाद दोनों आरोपी भागने लगे। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में गिरफ्तार आरोपी की पहचान रहमान पुत्र इल्ताफ उर्फ अल्ताफ निवासी किशनगढ़ कॉलोनी, थाना बिहारीगढ़ के रूप में हुई।read more:https://pahaltoday.com/retired-officers-house-in-up-notes-everywhere-currency-found-scattered-everywhere/ घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, बिना नंबर की मोटरसाइकिल तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से अवैध गतिविधियों में संलिप्त बताया जा रहा है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना बिहारीगढ़ में विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जनपद पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी, गौकशी, चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि आमजन में सुरक्षा का वातावरण बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *