12 घंटे में सरिया चोरी का खुलासा, 7 टन सरिया समेत तीन शातिर चोर गिरफ्तार

मिर्जापुर (सहारनपुर)। थाना मिर्जापुर पुलिस ने सरिया चोरी और वजन में हेराफेरी के एक संगठित गिरोह का मात्र 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किया गया 7 टन सरिया, एक ट्रक-ट्रेलर, एक कार, इलेक्ट्रॉनिक चिप और रिमोट बरामद किया है। आरोपी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से धर्मकांटों पर कम वजन वाले माल को भी पूरा वजन दर्शाकर करोड़ों रुपये के कारोबार में सेंध लगा रहे थे। पुलिस के अनुसार 19 जून को उमरेश पाण्डेय निवासी बहराइच ने थाना मिर्जापुर में तहरीर देकर बताया था कि गाजियाबाद से 32 टन सरिया शाकुंभरी मंदिर के पास निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना के लिए भेजा गया था। आरोप है कि रास्ते में आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से करीब 7 टन सरिया चोरी कर लिया और शेष 25 टन सरिये को धर्मकांटे पर इलेक्ट्रॉनिक चिप और रिमोट की सहायता से 32 टन दर्शाकर गंतव्य स्थल तक पहुंचा दिया।read more:https://pahaltoday.com/if-you-go-to-visit-karnataka-then-definitely-taste-the-food-here-without-it-the-trip-is-incomplete/ मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में थाना मिर्जापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में युसुफ पुत्र उम्मेद अली निवासी लोहगरा, जिला बुलंदशहर, फहीम पुत्र फरीयाद निवासी लोहगरा, जिला बुलंदशहर तथा मुर्सलीन पुत्र शफाकत निवासी लालपुर, थाना धौलाना, जिला हापुड़ शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर ट्रक-ट्रेलर में लदा 7 टन चोरी का सरिया, एक बलेनो कार, धर्मकांटे में इस्तेमाल की गई इलेक्ट्रॉनिक चिप तथा रिमोट बरामद किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने निजी वाहन से पुलिस और रास्तों की रेकी करते थे। धर्मकांटे पर पहुंचने से पहले वाहन में चिप लगाकर रिमोट के जरिए वजन बढ़ाकर दिखाया जाता था, जिससे चोरी किए गए माल की जानकारी नहीं हो पाती थी। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पहले भी इसी तरीके से माल में हेराफेरी कर आर्थिक लाभ कमाते रहे हैं। पुलिस ने बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मुकदमे में कई गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी की है। थाना मिर्जापुर पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि तकनीकी तरीके से की जा रही चोरी और धोखाधड़ी का खुलासा कर न केवल चोरी गया माल बरामद किया गया, बल्कि पूरे गिरोह की कार्यप्रणाली भी उजागर हुई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *