बाराबंकी। बंकी नगर पंचायत स्थित अमित भारत गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि पिछले 45 दिनों से घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिससे हजारों उपभोक्ता प्रभावित हैं। शनिवार को एजेंसी परिसर के बाहर बड़ी संख्या में उपभोक्ता जमा हो गए। सुबह 8 बजे से ही लोग लाइन में लगे थे, लेकिन दोपहर तक गैस की गाड़ी नहीं पहुंची। इसके चलते कई उपभोक्ताओं को बिना सिलेंडर लिए वापस लौटना पड़ा। कुछ उपभोक्ताओं ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए हंगामा भी किया। उपभोक्ताओं अनिल कुमार, उमेश चंद्र, रिंकू और आशा वर्मा ने बताया कि वे पिछले 5-6 दिनों से लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें गैस नहीं मिल रही है। यहां तक कि जिन उपभोक्ताओं के पास होम डिलीवरी की सुविधा है, उन्हें भी सिलेंडर लेने के लिए लंबी लाइनों में लगने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिले में सबसे अधिक अनियमितताएं इसी एजेंसी पर देखी जा रही हैं।read more:https://pahaltoday.com/fsda-sent-11-samples-of-ghee-and-oil-for-testing/ उपभोक्ताओं ने गैस की कालाबाजारी की आशंका भी जताई है। बताया गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश गैस कनेक्शन इसी एजेंसी से जुड़े हैं, जिससे यह संकट और गहरा गया है। एजेंसी के मैनेजर आशीष कुमार ने बताया कि पर्याप्त गैस उपलब्ध न होने के कारण उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार तिवारी ने जानकारी दी कि एजेंसी के खिलाफ कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं। संबंधित तेल कंपनी द्वारा मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।