बाराबंकी। जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के निर्देश और जिलाधिकारी के आदेश पर चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत घी और खाद्य तेल के कुल 11 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि एफएसडीए की टीमों ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में थोक विक्रेताओं, आपूर्तिकर्ताओं तथा खुदरा दुकानों पर सघन जांच की। इस दौरान अन्य राज्यों में निर्मित और विदेशों से आयातित घी व खाद्य तेल ब्रांडों की गुणवत्ता जांची गई। टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 11 नमूने एकत्र किए। सभी नमूनों को प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजा गया है।read more:https://worldtrustednews.in/councilors-mobilized-to-investigate-financial-irregularities-in-afzalgarh-municipal-council/ रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। एफएसडीए टीम ने जिन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए, उनमें विशाल मेगा मार्ट, कल्याण किराना स्टोर, यासीन किराना, यादव किराना स्टोर, बाजपेयी किराना स्टोर, रामगोपाल ट्रेडर्स, अमित ट्रेडर्स, महावीर ट्रेडिंग कंपनी, जायसवाल प्रोविजन स्टोर, कमलेश किराना स्टोर और गया प्रसाद किराना स्टोर शामिल हैं। इन दुकानों से विभिन्न ब्रांडों के कच्ची घानी सरसों तेल, सोयाबीन रिफाइंड तेल और घी के नमूने एकत्र किए गए। इस कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरद पांडेय सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी सलिल सिंह, अरुण कुमार, भगवती प्रसाद, अनुराधा मिश्रा, पल्लवी तिवारी, अंकिता यादव और अर्शी फारूकी मौजूद थे।