पल्स पोलियो अभियान की तैयारियां समयबद्ध ढंग से करें पूरी

सोनभद्र। आगामी 28 जून को प्रस्तावित पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने की। इस दौरान नियमित टीकाकरण कार्यक्रम एवं पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी रमेश कुमार मिश्रा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभियान की तैयारियों, माइक्रोप्लान, प्रशिक्षण, निगरानी व्यवस्था और नियमित टीकाकरण की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। वहीं डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधियों ने पिछले चरण की उपलब्धियों एवं कमियों पर प्रकाश डाला। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दिसंबर-2025 चरण में चिन्हित कमियों का प्रभावी निराकरण करते हुए जून-2026 के पल्स पोलियो अभियान की सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।read more:https://pahaltoday.com/visit-goa-and-see-the-temples-here-too/नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने यू-विन पोर्टल पर दर्ज एंटीजनवार ओवरड्यू बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा एक सप्ताह के भीतर संबंधित डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र बच्चे तक टीकाकरण सेवाएं पहुंचाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और जनपद में शत-प्रतिशत प्रतिरक्षण का लक्ष्य हर हाल में प्राप्त किया जाना चाहिए। बैठक में जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, डॉ. गिरधारी लाल सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *