बून्दी को मिली पासपोर्ट सेवा केंद्र की सौगात, अब नहीं जाना होगा कोटा-जयपुर

बून्दी में नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने नैनवां रोड स्थित प्रधान डाकघर में विदेश मंत्रायल की ओर से स्थापित पासपोर्ट सेवा केंद्र का शुभारंभ किया। इस केंद्र के प्रारंभ होने से अब बून्दी एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को पासपोर्ट संबंधी कार्यों के लिए कोटा व जयपुर की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। इस अवसर पर बिरला ने कहा कि पहले बून्दी के नागरिकों को पासपोर्ट संबंधी कार्यों के लिए जयपुर जाना पड़ता था। लंबी कतारों में लगना पड़ता था और कई बार दो-दो दिन तक रुकना भी पड़ता था। 2023 में हमने कोटा में प्रदेश के दूसरे क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की शुरूआत की और अब यह सुविधा बून्दी में उपलब्ध होने से नागरिकों का समय, श्रम और धन तीनों की बचत होगी। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि पासपोर्ट केवल विदेश यात्रा का दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिक की पहचान और विश्वसनीयता का भी महत्वपूर्ण दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि यह सुविधा विशेष रूप से विद्यार्थियों, युवाओं, व्यापारियों, पेशेवरों तथा विदेश यात्रा करने वाले नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। सरल और सुलभ हुई पासपोर्ट सेवा बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पासपोर्ट सेवाओं का निरंतर विस्तार हुआ है, जिससे ये सेवाएं अधिक सरल, पारदर्शी, त्वरित और नागरिकों के अधिक निकट पहुंची हैं। कोटा में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय का लाभ राजस्थान के 16 जिलों के नागरिकों को मिल रहा है।read more:https://pahaltoday.com/fake-attendance-racket-exposed-in-mnrega-workers-absent-from-work-sites-development-plans-remaining-on-paper/ पिछले तीन वर्षों में लगभग दो लाख पासपोर्ट जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य में ई-पासपोर्ट व्यवस्था की दिशा में भी तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे नागरिकों को और अधिक सुविधाएं मिलेंगी। बून्दी में दिखेगा बड़ा परिवर्तन बिरला ने कहा कि बून्दी अपनी समृद्ध विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक सौंदर्य के कारण देश-दुनिया में विशिष्ट पहचान रखती है। हमारा प्रयास है कि विरासत के संरक्षण के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं का भी विस्तार हो। पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं और एग्रो आधारित उद्योगों के विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं, जिससे जिले में रोजगार और नए अवसरों का सृजन हो सके। जब देश-दुनिया से पर्यटक बून्दी आएंगे, तो वे यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ विकास और परिवर्तन की नई तस्वीर भी देखेंगे। इस दौरान पूर्व विधायक अशोक डोगरा, भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, विदेश मंत्रायल की सचिव, श्रीप्रिया रंगनाथन, जिला कलक्टर हरफूल यादव, पोस्ट मास्टर जनरल (दक्षीणी क्षेत्र) बीएल सोनल, पासपोर्ट सेवा प्रोजेक्ट निदेशक अर्जुन देवरे, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी विपुल देव आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *