बाराबंकी। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने शनिवार दोपहर 3 बजे दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने नोएडा की नाबालिग छात्रा पर दर्ज ज़ीरो एफआईआर, भदोही का नाम बदलने, जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमलों और अयोध्या चंदा प्रकरण को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। सांसद पुनिया ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित बयानबाजी के आरोप में 15 वर्षीय छात्रा पर एफआईआर दर्ज करना उचित नहीं है। उनका कहना था कि बच्चों पर मुकदमा दर्ज करने के बजाय सरकार को उनसे माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में कई बार छात्र-छात्राओं पर लाठीचार्ज और रबर बुलेट चलाने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री से युवाओं से माफी मांगने की भी मांग की।read more:https://khabarentertainment.in/cunning-man-arrested-for-pressuring-woman-into-marriage-through-blackmail/ भदोही जिले का नाम बदलकर ‘संत रविदास नगर’ किए जाने के फैसले पर पुनिया ने कहा कि सरकार विकास के मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए नाम बदलने की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐतिहासिक पहचान वाले स्थानों के नाम बदलकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस सांसद ने बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे लंबे समय से सरकार के खिलाफ प्रभावी विपक्ष की भूमिका निभाने में असफल रही हैं और जनता इसे समझ चुकी है। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में गैर-स्थानीय मजदूरों पर हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए पुनिया ने कहा कि सरकार सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हालात अलग तस्वीर पेश करते हैं। अयोध्या चंदा प्रकरण पर उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर बड़े आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों पर जनता सरकार से जवाब चाहती है।