नभद्र। कनहर सिंचाई परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन नहर को लेकर क्षेत्रीय किसानों और ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। किसानों का आरोप है कि नहर का निर्माण खेतों के स्तर से काफी नीचे किया जा रहा है, जिससे सिंचाई का उद्देश्य पूरा नहीं हो सकेगा। इस संबंध में किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को कोन क्षेत्र के झरिया बंधी, मोहुद्दीनपुर, खेमपुर, कोलडिहवा, रामगढ़, नौडिहा, निगाई बगिया सहित विभिन्न गांवों का दौरा कर किसानों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बताया कि निर्माणाधीन नहर खेतों की सतह से काफी नीचे बनाई जा रही है,read more:https://pahaltoday.com/major-changes-in-india-in-12-years-welfare-of-poor-and-deprived-sections-pm-modi/#google_vignetteजिससे नहर का पानी खेतों तक नहीं पहुंच पाएगा और पूरी परियोजना का लाभ किसानों को नहीं मिल सकेगा। संदीप मिश्र ने कहा कि सरकार और सिंचाई विभाग को किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नहर का निर्माण इस प्रकार कराना चाहिए कि उसका वास्तविक लाभ किसानों को मिले। उन्होंने मांग की कि जिन किसानों की भूमि परियोजना में अधिग्रहित की गई है, उन्हें उचित मुआवजा भी दिया जाए।प्रतिनिधिमंडल ने कनहर परियोजना के मुख्य अभियंता नीरज से वार्ता कर ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराया। संदीप मिश्र ने आग्रह किया कि वरिष्ठ अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करें और आवश्यक संशोधन कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा किसानों के हक और अधिकारों के लिए आंदोलन करने को बाध्य होगा। इस दौरान श्रवण कनौजिया, संपूर्णानंद जायसवाल, छोटेलाल बिंद, नंदकिशोर बियार, कमलेश चंद्र पांडेय, रवि शाह, सुरेश, आकाश चैहान, शत्रुधन बिंद, विजय चैहान, अरविंद चैहान सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।