बाराबंकी। कुछ लोग उम्र के साथ सिर्फ उम्रदराज होते हैं, लेकिन कुछ अपने कर्मों से समय की स्मृतियों में दर्ज हो जाते हैं। उनका जीवन किसी पद, पुरस्कार या प्रतिष्ठा का मोहताज नहीं होता। वे जहां खड़े होते हैं, वहां अपने संघर्ष, सेवा और संवेदनशीलता की एक कहानी छोड़ जाते हैं। गांधी भवन में ऐसा ही एक अवसर था, जब सामाजिक सेवा, जनसरोकार और पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों से सक्रिय अमीर हैदर और वरिष्ठ उर्दू पत्रकार एवं सोशल एक्टिविस्ट हशमत उल्लाह का नागरिक अभिनंदन किया गया। गांधी जयन्ती समारोह ट्रस्ट एवं सेवा सोसायटी की ओर से आयोजित समारोह में दोनों विभूतियों को पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अरविंद कुमार सिंह गोप ने शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। यह सम्मान महज दो व्यक्तियों का अभिनंदन नहीं था, बल्कि उन मूल्यों का सम्मान था, जिन्हें दोनों ने अपने जीवन में जिया और जनसरोकारों के बीच खड़ा किया। मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अरविंद कुमार सिंह गोप ने कहा कि समाज के लिए निस्वार्थ भाव से जीवन समर्पित करने वाली शख्सियतों का सम्मान केवल उनका सम्मान नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा और समाज के मूल्यों का सम्मान है। अमीर हैदर और हशमत उल्लाह ने अपने-अपने क्षेत्रों में जनसरोकारों को मजबूती से उठाते हुए समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज को बुलंद किया है।
read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/ दोनों देश और समाज की धरोहर हैं। ऐसे किरदार किसी एक दौर तक सीमित नहीं रहते, बल्कि अपने काम और विचारों की मिसाल आने वाली पीढ़ियों के लिए छोड़ जाते हैं। समाज को ऐसे ही समर्पित और संवेदनशील लोगों की जरूरत है, जो बिना किसी स्वार्थ के जनहित को अपना धर्म मानकर काम करते रहें। अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ गांधीवादी राजनाथ शर्मा ने कहा कि सम्मान पद या प्रतिष्ठा का नहीं, कर्म और समर्पण का होना चाहिए। अमीर हैदर और हशमत उल्लाह ने वर्षों तक जनसरोकारों को आवाज देकर सामाजिक और वैचारिक मूल्यों को मजबूत किया है। संघर्ष और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता बेमिसाल है। वयोवृद्ध सामाजिक कार्यकर्ता अमीर हैदर ने कहा कि जनता से जुड़े सामाजिक सरोकार के लिए काम करना उनके जीवन का उद्देश्य रहा है। यह सम्मान उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। वरिष्ठ पत्रकार हशमत उल्लाह ने कहा कि पत्रकारिता उनके लिए केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज के कमजोर और वंचित लोगों की आवाज बनने का माध्यम है। सम्मान से जनसरोकार के प्रति प्रतिबद्धता और मजबूत हुई है। कार्यक्रम में आयोजक समिति की ओर से मुख्य अतिथि गोप को भी स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। संचालन फजल इनाम मदनी ने किया। अंत में सेवा सोसाइटी के सचिव अनवर महबूब किदवाई ने सभी का आभार व्यक्त किया। सभा को सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष मो उमैर किदवाई, पूर्व मंत्री एवं रामनगर विधायक हाजी फरीद महफूज किदवाई, सदर विधायक सुरेश यादव, पूर्व एमएलसी राजेश यादव ‘राजू’ ने सम्बोधित किया। समारोह में मुख्य रूप से धीरेन्द्र वर्मा, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमन लाल द्विवेदी, उपाध्यक्ष दिलीप गुप्ता, महामंत्री प्रदीप श्रीवास्तव, समाजसेवी मनोज जायसवाल, सभासद ताज बाबा राईन, पूर्व प्रमुख तालिब नजीब कोकब, पूर्व विधायक सरवर अली खान, तौकीर कर्रार, मो उमैर किदवाई, आफाक अली, विजय कुमार सिंह ‘मुन्ना’, अजीज अहमद, मो. अहमद शहेनशाह, धनंजय शर्मा, परवेज अहमद, अक्षत शुक्ला, पाटेश्वरी प्रसाद, अताउर्रहमान ‘सज्जन’, सपा प्रवक्ता अब्बास हैदर, पत्रकार उमेश श्रीवास्तव, मो. वसीक, संतोष शुक्ला आदि कई लोग मौजूद रहे।