सिविल विवाद के बीच सरकारी स्मार्ट बिजली मीटर उखाड़कर तोड़ने का आरोप,

आजमगढ़।जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र स्थित फरिहा कस्बे में संपत्ति विवाद के बीच सरकारी स्मार्ट बिजली मीटर को कथित रूप से उखाड़कर क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सहित कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि यह पूरी घटना सिविल न्यायालय में प्रस्तावित कमीशन की कार्रवाई को प्रभावित करने और उसके पक्ष को कमजोर करने की नीयत से अंजाम दी गई।फरिहा निवासी नाहिद तबस्सुम पत्नी इमरान अहमद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने 8 जनवरी 2026 को एक मकान खरीदा था। उक्त संपत्ति को लेकर वर्तमान में सिविल न्यायालय में वाद विचाराधीन है। न्यायालय द्वारा 8 जुलाई को विवादित संपत्ति पर कमीशन की कार्रवाई प्रस्तावित थी, जिसके तहत मौके का निरीक्षण किया जाना था।पीड़िता का आरोप है कि 7 जुलाई की दोपहर लगभग तीन बजे विपक्षी पक्ष के अब्दुल रहमान पुत्र बदरे आलम, अहमद रजा खान, हामिद पुत्र शाहनवाज, बदरे आलम पुत्र स्वर्गीय फारूक तथा कुछ अन्य अज्ञात लोग उनके मकान पर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर घर के बाहर लगा सरकारी स्मार्ट बिजली मीटर जबरन उखाड़ दिया, उसे तोड़ दिया और बाद में नाली में फेंक दिया।तहरीर के अनुसार जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद आसपास अफरा तफरी का माहौल बन गया। पीड़िता का कहना है कि पूरी घटना मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।read more:https://khabarentertainment.in/excise-department-raids-dhabas/पीड़िता ने पुलिस को घटना की सीसीटीवी फुटेज, बिजली कनेक्शन से संबंधित रसीदें तथा बिजली बिल सहित अन्य दस्तावेज भी उपलब्ध कराए हैं। उनका दावा है कि उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक और दस्तावेजी साक्ष्य घटना की पुष्टि करते हैं और आरोपियों की पहचान स्पष्ट रूप से की जा सकती है।पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से सरकारी बिजली मीटर को क्षतिग्रस्त किया ताकि सिविल न्यायालय द्वारा कराई जाने वाली कमीशन की कार्रवाई प्रभावित हो सके और न्यायालय के समक्ष वास्तविक स्थिति प्रस्तुत न हो पाए। उनके अनुसार यह कृत्य न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की एक सोची समझी साजिश का हिस्सा है।पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों तथा अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज, उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *