क्षेत्र के गांव रणदेवा में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने तीन लोगों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव को थाना नकुड़ के बाहर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। गांव रणदेवा निवासी चंद्रपाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसके पिता सुंदर का कुछ लोगों के साथ पैसों का लेन-देन था। आरोप है कि तीन लोग कार से गांव आए और सुंदर को अपने साथ ले गए। चंद्रपाल के अनुसार रविवार शाम उसके पिता ने फोन कर बताया कि साथ ले जाने वाले लोगों ने उन्हें जहर दे दिया है। सूचना मिलते ही परिजन भैरमू-अंबेहटा मार्ग पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देने के साथ उन्हें उपचार के लिए पहले निजी चिकित्सक और बाद में पिलखनी मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।read more:https://khabarentertainment.in/prof-dr-rajendra-rajput-receives-guru-shree-2026-award-at-national-level-brings-honour-to-ghazipur/……………. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद आक्रोशित परिजन शव लेकर थाना नकुड़ पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर थाने के बाहर जाम लगा दिया। सूचना पर थाना प्रभारी देवेश कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया। समाचार लिखे जाने तक थाना प्रभारी गांव पहुंचकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया भी संपन्न करा रहे थे। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।