गाजीपुर। राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय कमालपुर लोदी में आयुर्वेद दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आदिदेव भगवान धन्वंतरि के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं माल्यार्पण कर की गई। इस दौरान आयुर्वेद के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।कार्यक्रम के तहत चिकित्सालय परिसर में औषधीय पौधों का रोपण किया गया। इसमें बिल्व, आम, तुलसी, गुड़हल और वट सहित विभिन्न पौधे लगाए गए। चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्साधिकारी ने औषधीय पौधों के संरक्षण और उनके स्वास्थ्य संबंधी उपयोग की जानकारी दी।पीएम श्री विद्यालय कमालपुर में विद्यार्थियों को आयुर्वेद के प्रति जागरूक किया गया। छात्रों को ऋतुचर्या, दिनचर्या तथा संतुलित आहार-विहार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बदलते मौसम के अनुसार जीवनशैली में आवश्यक बदलाव करने और स्वस्थ रहने के उपाय भी बताए गए।इसके अलावा महुंवी ग्राम पंचायत में आउटरीच चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों का स्वास्थ्य संबंधी मार्गदर्शन करने के साथ आवश्यक आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण किया गया। ग्रामीणों को औषधीय पौधों के उपयोग एवं उनके संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया गया।