बाराबंकी। दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के आलियाबाद स्थित सर्वेश्वर महादेव मंदिर जल्द ही जिले के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। धार्मिक स्थलों के विकास की योजना के तहत मंदिर परिसर में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार का काम तेजी से चल रहा है। पर्यटन विभाग की ओर से 92.94 लाख रुपये की लागत से यात्री निवास समेत विभिन्न सुविधाओं का निर्माण कराया जा रहा है। कार्यदायी संस्था सीएनडीएस द्वारा संचालित परियोजना की शुरुआत 24 अप्रैल 2026 को हुई थी। वर्तमान में कार्य की भौतिक प्रगति आठ प्रतिशत है। यात्री निवास के फाउंडेशन और प्लिंथ बीम का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि चिनाई का काम जारी है। परियोजना में यात्री निवास के साथ हॉल निर्माण और मंदिर के जीर्णाेद्धार का कार्य भी प्रस्तावित है। परियोजना प्रबंधक देवव्रत पवार ने बताया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चल रहा है।read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/
यात्री निवास के फाउंडेशन और प्लिंथ बीम का काम पूरा हो चुका है और अब चिनाई का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता बनाए रखते हुए परियोजना को समय से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। पर्यटन अधिकारी मनीषा चौधरी ने बताया कि धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता देते हुए आलियाबाद के सर्वेश्वर महादेव मंदिर में यात्री निवास सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ दूर-दराज से आने वाले भक्तों को भी ठहरने और विश्राम की बेहतर सुविधा मिलेगी। मंदिर परिसर में यात्री निवास, हॉल और जीर्णाेद्धार कार्य पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं के ठहरने, पूजा-अर्चना और विश्राम की व्यवस्थाएं पहले से बेहतर होंगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्य पूरा होने से मंदिर की धार्मिक पहचान को मजबूती मिलने के साथ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।