गागलहेड़ी। कस्बा क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब हिंडन नदी में एक अज्ञात युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। नदी किनारे मौजूद लोगों की नजर शव पर पड़ते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना गागलहेड़ी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।readmore:https://khabarentertainment.in/cunning-man-arrested-for-pressuring-woman-into-marriage-through-blackmail/साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदा व्यक्तियों का विवरण भी जुटाया जा रहा है, ताकि मृतक की पहचान कर उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल गागलहेड़ी थाना पुलिस को सूचित करें, जिससे शव की शिनाख्त कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके।