योजनाओं की हकीकत जानी; गोदभराई और अन्नप्राशन से दिया सशक्तिकरण का संदेश

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत ग्राम पंचायत छावनी लाइन प्रसादपुर स्थित जन सेवा केंद्र पर महिलाओं एवं बच्चों से संवाद कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की समस्याएं सुनीं, योजनाओं की समीक्षा की तथा पात्र महिलाओं को हर हाल में सरकारी लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।कार्यक्रम के दौरान उपाध्यक्ष ने दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई तथा शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। उन्होंने माताओं और बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि महिला एवं बाल कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।संवाद कार्यक्रम में चारु चौधरी ने महिलाओं से सीधे बातचीत कर प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ मिलने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र महिला शासन की योजनाओं से वंचित नहीं रहनी चाहिए।read more:https://khabarentertainment.in/prof-dr-rajendra-rajput-receives-guru-shree-2026-award-at-national-level-brings-honour-to-ghazipur/उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र महिला अब तक किसी योजना का लाभ नहीं प्राप्त कर सकी है तो संबंधित विभाग उसकी पात्रता का परीक्षण कर शीघ्र लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा प्रत्येक जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने अपनी विभिन्न समस्याएं और सुझाव भी रखे, जिनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण का आश्वासन दिया गया। उपाध्यक्ष ने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सोनी, वन स्टॉप सेंटर के अधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, आशा बहुएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *