गाजीपुर। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत रविवार को विद्युत उपकेंद्र महराजगंज परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के 51 पौधे रोपे गए तथा उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया गया। अभियान में विद्युत विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।read more:https://khabarentertainment.in/prof-dr-rajendra-rajput-receives-guru-shree-2026-award-at-national-level-brings-honour-to-ghazipur/कार्यक्रम का नेतृत्व विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता रवीन्द्र नाथ सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए पौधारोपण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाकर औपचारिकता पूरी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़े सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, सामाजिक जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने का एक प्रभावी जनसंदेश भी है।कार्यक्रम में समाजसेवी संजय सिंह यादव सहित विभाग के कर्मचारी संजय यादव, सच्चिदानंद, रघु और शिव प्रकाश बिंदा ने भी पौधारोपण किया। सभी ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित सिंचाई और संरक्षण करने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ लेते हुए संकल्प व्यक्त किया कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएगा और उसकी देखभाल तब तक करेगा, जब तक वह एक मजबूत वृक्ष का रूप न ले ले। वक्ताओं ने कहा कि जनसहयोग से ही ऐसे अभियान सफल होंगे और हरित, स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त समाज का निर्माण संभव हो सकेगा।