नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित बैंक लोन धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला को दिल्ली और गोवा में छापेमारी के बाद गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए, जिसके आधार पर गिरफ्तारी की गई। वहीं इस गिरफ्तारी को पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने राजनीतिक बदले की भावना से की गई कार्रवाई करार दिया है। गौरतलब है कि दीपक सिंगला 2024 विधानसभा चुनाव में दिल्ली की विश्वास नगर सीट से आप उम्मीदवार रह चुके हैं। ईडी का कहना है कि यह मामला बैंक लोन फ्रॉड और उससे जुड़े धन शोधन नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। एजेंसी इससे पहले भी 2024 में उनके ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है। फिलहाल सिंगला से पूछताछ जारी है और उनके वित्तीय लेनदेन की गहन जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद दिल्ली की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।read more:https://pahaltoday.com/the-attack-is-not-on-lawyers-but-on-the-constitution-and-the-dignity-of-the-judiciary/ आप ने इसे पूरी तरह से राजनीतिक प्रतिशोध करार दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि दीपक सिंगला को किसी गलत काम के कारण नहीं, बल्कि राजनीतिक कारणों से गिरफ्तार किया गया है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सिंगला को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का विरोध किया और पार्टी में शामिल होने से इनकार कर दिया। उन्होंने सिंगला को “बहादुर” बताते हुए कहा कि वह देश के लिए लड़ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, बीजेपी नेताओं का कहना है कि जांच एजेंसियां केवल सबूतों के आधार पर कार्रवाई कर रही हैं और इस मामले को राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है। उनका कहना है कि कानून अपना काम कर रहा है और दोषी पाए जाने पर ही कार्रवाई की जाती है।