मुरादनगर। थाना मुरादनगर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और लॉक तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला लोहे का सरिया भी बरामद किया है।read more:https://pahaltoday.com/bhandara-in-lucknow-on-5th-may-to-mark-the-successful-organisation-of-somnath-yatra/पुलिस के अनुसार, 04 मई 2026 को चेकिंग के दौरान आईटीएस चौकी क्षेत्र में ग्राम सैंधली से शोभापुर जाने वाले मार्ग पर दो संदिग्ध युवकों को रोका गया। पूछताछ में उनकी पहचान दिपांशु उर्फ भानू (22 वर्ष) निवासी सागर एंक्लेव बसन्तपुर सैथली और नितिन उर्फ अर्जुन (19 वर्ष) निवासी जलालपुर रघुनाथपुर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उनके पास से एक मोटरसाइकिल बरामद हुई, जो करीब 8 माह पहले पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्तों ने बाइक का लॉक तोड़ने के लिए लोहे के सरिये का इस्तेमाल किया था और पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट भी बदल दी थी।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इसी बाइक से अन्य वाहन चोरी करने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस चेकिंग के दौरान पकड़े गए।
इस मामले में थाना मुरादनगर पर धारा 345(3), 317(2) और 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी दिपांशु पर पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मुरादनगर, न्यू अशोक नगर और इंदिरापुरम थानों में चोरी के मुकदमे शामिल हैं। वहीं, नितिन के खिलाफ भी दो मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम अब दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इनके गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं।