तेज आंधी-बारिश से सूअर फार्म तबाह, छह जानवरों की मौत

गाजीपुर जखनियां । क्षेत्र के ग्राम शेखपुर, पोस्ट बुढ़ापुर निवासी रोहित महाराज के सूअर पालन फार्म पर बीती रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम के मिजाज ने पूरे इलाके को प्रभावित किया, लेकिन रोहित महाराज के फार्म को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ा। तेज हवा के झोंकों के साथ हुई भारी बारिश के चलते फार्म की दीवार भरभराकर गिर गई और ऊपर लगा करकट (टीन शेड) टूटकर उड़ गया।read more:https://pahaltoday.com/amrit-sarovar-built-at-a-cost-of-lakhs-dries-up-questions-raised-on-responsibility/
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहित महाराज द्वारा अपने फार्म में लगभग 120 सूअरों का पालन किया जा रहा था। बीती रात मौसम के अचानक खराब होने से फार्म की संरचना क्षतिग्रस्त हो गई। तेज हवा के दबाव को दीवार सहन नहीं कर सकी और गिर पड़ी, जिससे अंदर मौजूद जानवरों में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में कुल 6 सूअरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य जानवरों के घायल होने की भी सूचना है। बताया जा रहा है कि फार्म में लगाए गए कुल 82 करकट (टीन शेड) भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। कई करकट हवा के साथ उड़कर दूर जा गिरे, जिससे नुकसान और बढ़ गया। इस घटना से रोहित महाराज को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति होने का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस तरह की तेज आंधी और बारिश लंबे समय बाद देखने को मिली है, जिससे कई स्थानों पर नुकसान हुआ है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। पीड़ित किसान रोहित महाराज ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि सूअर पालन ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और इस तरह हुए भारी नुकसान से उनका परिवार आर्थिक संकट में आ गया है। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल सहायता और नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की अपील की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों की मदद के लिए शीघ्र कदम उठाए जाएं, ताकि पीड़ित परिवारों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *