सहारनपुर। नगर निगम द्वारा कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जनमंच परिसर में वेलमड हॉस्पिटल देहरादून के सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ अपर नगरायुक्त मृत्युंजय ने किया, जिसमें करीब डेढ़ सौ कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर कुसुम विहार सभागार में आयोजित इस शिविर में कर्मचारियों को निशुल्क परामर्श के साथ ईसीजी, ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित चौहान ने कर्मचारियों की जांच कर उन्हें हृदय रोगों से बचाव के उपाय बताए और नियमित जांच कराने की सलाह दी। वहीं सामान्य रोग विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष कंडारी ने भी कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया।शिविर के दौरान आयुषी द्वारा नेत्र परीक्षण किया गया, जबकि टीम के अन्य सदस्यों स्नेहा, वैभव जोशी, महावीर, परमिंद्र, आकाश और सतवेंद्र ने जांच कार्य में सहयोग किया।इस अवसर पर अपर नगरायुक्त मृत्युंजय ने कहा कि नगर निगम अपने कर्मचारियों के स्वास्थ्य के प्रति सदैव गंभीर है और फ्रंटलाइन पर काम करने वाले कर्मचारियों को समय-समय पर आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध कराए जाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी ही बेहतर ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकते हैं।नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने वेलमड हॉस्पिटल की टीम का स्वागत करते हुए सहयोग के लिए आभार जताया। शिविर में मुख्य सफाई निरीक्षक परमानंद सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।