बहराइच ( फखरपुर ) ।थाना फखरपुर क्षेत्र के अंतर्गत कुंडासर चौकी के पास पेट्रोल पंप के निकट बुधवार को एक तेज रफ्तार वैन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद अनियंत्रित वैन हाइवे किनारे लगे साइन बोर्ड से टकराकर पलट गई।जानकारी के अनुसार, लखनऊ की ओर से आ रही वैन ने बाइक सवार उमेश वर्मा (40 वर्ष) पुत्र लाल जी, निवासी चौधरीपुरवा परसेंडी को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फखरपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद वैन अनियंत्रित होकर हाइवे के साइन बोर्ड से टकराई और पलट गई। हादसे के बाद वैन में सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए।सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।कुंडासर चौकी प्रभारी पी.एन. पांडे ने बताया कि फरार लोगों की तलाश की जा रही है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।*घायल की हालत गंभीर देखते हुए बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल पर रिफर कर दिया गया है।*