बाबा साहेब की जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, गूंजे जय भीम के नारे

संग्रामपुर/अमेठी। संग्रामपुर क्षेत्र के नेवादा गांव में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही उत्साह और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।कार्यक्रम के दौरान “जय भीम” और “जय संविधान” के नारों से वातावरण गूंज उठा। बाबा साहेब के प्रेरणादायक संदेश — “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” — को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया। शोभायात्रा में शामिल अनुयायी डीजे की धुन पर झूमते नजर आए और बाबा साहेब के जयकारों से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा।इस अवसर पर कांग्रेस यूथ जिला अध्यक्ष शुभम सिंह, बृजेश मिश्रा, बृजेंद्र सिंह लोहा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहेब के विचारों को याद करते हुए समाज में समानता, न्याय और भाईचारे को बढ़ावा देने का संदेश दिया।कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष बृजेश मिश्र ने कहा कि बाबा साहेब ने देश को ऐसा संविधान दिया, जो हर वर्ग को समान अधिकार और सम्मान प्रदान करता है। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं, जिन्हें अपनाकर ही एक सशक्त और समरस समाज का निर्माण संभव है।
अंत में सभी ने बाबा साहेब को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *