अंगद का पुरवा में भीषण अग्निकांड: सात बकरियां व दो गायें जिंदा जलीं, गृहस्वामी झुलसा

रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के अंगद का पुरवा मजरे प्यारेपुर गांव में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक घर में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में बेजुबान मवेशियों सहित भारी मात्रा में अनाज जलकर राख हो गया। आग बुझाने की कोशिश में गृहस्वामी भी गंभीर रूप से झुलस गया है। मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इसकी चपेट में आने से खूंटे पर बंधी सात बकरियां और दो गायों की तड़प-तड़प कर मौके पर ही मौत हो गई। घर में रखा लगभग 30 बोरी गेहूं, 30 बोरी धान और 5 बोरी सरसों भी पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग बुझाने के प्रयास में गृहस्वामी समरजीत बुरी तरह झुलस गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों की मदद से भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलते ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के एक दर्जन सदस्य भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *