हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम ने पट्टा फोरलेन पर नाकाबंदी और चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 56.37 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पहली कार्रवाई में पट्टा फोरलेन पर गश्त कर रही टीम ने एक संदिग्ध कार (HR 26CB-5745) को रोककर तलाशी ली, जिससे 22.26 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/ इस मामले में मंडी जिले के तीन युवकों अनमोल प्रीत सिंह (24, टारना रोड), रोहित (22, सरद्वारा, बल्ह) और माहिर मल्होत्रा (21, खलियार) को गिरफ्तार किया गया। इसी अभियान के तहत दूसरी सफलता एक मोटरसाइकिल (HP 82-8107) की जांच के दौरान मिली, जहां से 17.88 ग्राम चिट्टा जब्त कर बाइक सवार राजेंद्र कुमार (31, जोगिंद्रनगर, मंडी) और सुमन कुमार मन्ना (21, पूर्वी दिल्ली) को दबोच लिया गया। तीसरी कार्रवाई में पुलिस ने एक टैक्सी (HP 01M-6567) से 16.23 ग्राम चिट्टा बरामद कर हरियाणा के दो निवासियों सोनू (38, सोनीपत) और अंकित (23, पानीपत) को गिरफ्तार किया है।मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि जिले में नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिक जांच अब पकड़े गए आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज पर केंद्रित है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चिट्टे की यह खेप कहां से खरीदी गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस इस अवैध कारोबार की जड़ तक पहुंचने के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।