गाजीपुर नंदगंज । थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव में शनिवार की रात एक युवक ने मड़ई में बांस के धरन से कपड़े की रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार भोर करीब चार बजे परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बरहपुर गांव निवासी रिंकू राम (44) मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार रात उन्होंने अपनी मड़ई में बांस के धरन में कपड़े की रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। भोर में परिजनों की नजर पड़ने के बाद घटना की जानकारी हुई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।रिंकू राम दो भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी चंद्रकला के अलावा दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पति की मौत के बाद पत्नी चंद्रकला का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।