शक्तिनगर, सोनभद्र। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर खड़िया बाजार स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में रविवार को योग एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि शक्तिनगर मंडल अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता व वरिष्ठ चिकित्सक डा. टीएन सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित करके किया।read more:https://pahaltoday.com/star-hospital-is-proving-to-be-a-boon-for-poor-and-helpless-patients/वक्ताओं ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाती है। उन्होंने सभी लोगों से नियमित रूप से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के संचालन एवं प्रार्थना व्यवस्था में आचार्य सुनील कुमार तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके कुशल मार्गदर्शन में कार्यक्रम अनुशासित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संकल्प लिया। विद्यालय के शिक्षक नरसिंह सर, चंद्रशेखर सिंह, हरिशंकर पांडेय सहित अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान की तनावपूर्ण जीवनशैली में योग मानसिक शांति, आत्मविश्वास और शारीरिक सुदृढ़ता प्रदान करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन का वातावरण सौहार्दपूर्ण, प्रेरणादायी एवं सकारात्मक रहा।