नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की युवाओं को लेकर की गई टिप्पणी के बाद इंटरनेट पर चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की आधिकारिक वेबसाइट को बंद कर दिया गया है। इससे पहले इस संगठन के एक्स हैंडल को भारत में प्रतिबंधित किया जा चुका है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने इसे तानाशाही रवैया बताते हुए दावा किया है कि उनके निजी इंस्टाग्राम अकाउंट को भी हैक कर लिया गया है। दीपके के अनुसार, इस वेबसाइट के माध्यम से करीब 10 लाख लोगों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 6 लाख लोगों ने नीट पेपर लीक मामले में विफलता का आरोप लगाते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी। दीपके ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सरकार इस आंदोलन से डरी हुई है, लेकिन वे जल्द ही एक नए प्लेटफॉर्म पर वापसी करेंगे। इस बीच, इंस्टाग्राम पर सीजेपी के फॉलोअर्स की संख्या तेजी से बढ़ते हुए 2.2 करोड़ के पार पहुंच गई है, जो देश के कई बड़े राजनीतिक दलों के फॉलोअर्स से भी अधिक है। इस बढ़ते प्रभाव और विवादों के बीच महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के पुलिस उपायुक्त पंकज अतुलकर ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर अभिजीत दीपके के घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगी।read more:https://pahaltoday.com/minister-of-state-inaugurated-the-newly-constructed-development-works/पुलिस के मुताबिक, दीपके वर्तमान में पढ़ाई के सिलसिले में अमेरिका में हैं। सुरक्षा बढ़ाए जाने के पीछे दीपके को ऑनलाइन मिली जान से मारने की धमकियां भी एक मुख्य वजह हैं, जिसका स्क्रीनशॉट उन्होंने खुद साझा किया था। वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट्स बंद होने के बाद संगठन के समर्थकों द्वारा विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी जा रही थी। हालांकि, दीपके ने अपने समर्थकों से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने आगाह किया कि समर्थक जल्दबाजी में कोई ऐसा कदम न उठाएं जिससे आंदोलन बदनाम हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन ने किसी भी विरोध प्रदर्शन का आह्वान नहीं किया है और वे इस वैचारिक लड़ाई को पूरी सावधानी के साथ आगे बढ़ाएंगे।