शक्तिनगर, सोनभद्र। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ एनटीपीसी परिसर शक्तिनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम द्वारा रविवार को परिसर स्थित अंबेडकर भवन में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया तथा नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया।read more:https://pahaltoday.com/census-of-india-will-be-digital-in-2027-in-bhadohi/कार्यक्रम में एनटीपीसी के उप महाप्रबंधक एवं योग गुरु संजीव कुमार ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भ्रामरी, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं भस्त्रिका सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है तथा नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, संतुलित एवं निरोग जीवन जी सकता है। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रथम के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. छोटे लाल प्रसाद ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन का मूल आधार है। योग को अपनाकर हम अपने तन और मन दोनों को स्वस्थ रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया योग की महत्ता को स्वीकार कर रही है और लोग इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। समाजशास्त्र विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि वर्तमान की व्यस्त एवं तनावपूर्ण जीवनशैली में योग की उपयोगिता और बढ़ गई है। योग को जीवन में अपनाकर स्वस्थ समाज की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है। कार्यक्रम में डॉ. विनोद कुमार पाण्डेय, अमरीश, अंजना पूर्ति, रोहित विश्वकर्मा, पूनम, खुशबू, खुशी सिंह एवं अनुराधा पाण्डेय सहित अन्य लोगों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम की सफलता में एनटीपीसी मानव संसाधन विभाग के उप प्रबंधक अनुग्रह मिश्रा का योगदान भी सराहनीय रहा।