गागलहेड़ी। गागलहेड़ी थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद वाहनों में सहारनपुर और हरिद्वार से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गागलहेड़ी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भगवानपुर रोड स्थित हरियाबांस फ्लाईओवर के पास से ऋतिक उर्फ अश्वनी निवासी तिवाया, कुर्बान निवासी उग्राहू तथा सबनूर निवासी बढ़ेड़ी घोघू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक प्लेटिना और तीन स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें से एक बिना नंबर प्लेट की है तथा उसका इंजन और चेसिस नंबर मिटाया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को जंगल में छिपाकर रखते और बाद में ग्राहकों की तलाश कर उन्हें कम कीमत पर बेच देते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों के खरीदार तलाशने के लिए निकले थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।read more:https://pahaltoday.com/school-chalo-campaign-increased-awareness/ साथ ही गिरोह के फरार साथियों की तलाश और गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन चोरी में शामिल अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।