म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय वन रेंज क्षेत्र के कठौंधी गांव में सागौन पेड़ों की कटाई को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। वन विभाग ने 14 पेड़ काटने की अनुमति के बावजूद कथित रूप से 50 से अधिक सागौन पेड़ काटे जाने के आरोप में काश्तकार वैजनाथ तथा अनपरा निवासी एक लकड़ी ठेकेदार के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। वन विभाग के अनुसार काश्तकार द्वारा भूमि पर स्थित 14 सागौन पेड़ काटने की अनुमति मांगी गई थी। जांच के बाद विभाग ने निर्धारित संख्या में पेड़ काटने का परमिट जारी किया था।read more:https://pahaltoday.com/manish-tyagi-lashes-out-at-pms-savings-advice-takes-aim-at-economic-policies/आरोप है कि परमिट मिलने के बाद ठेकेदार के बहकावे में आकर निर्धारित संख्या से कहीं अधिक पेड़ों की कटाई कर दी गई। रेंजर जबर सिंह यादव ने बताया कि अनुमति केवल 14 पेड़ों की थी, लेकिन मौके पर जांच में लगभग 50 सागौन पेड़ एवं दो कत्था पेड़ काटे जाने की जानकारी मिली। मामले की जानकारी मिलने पर वन विभाग ने लकड़ी को सीज कर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। डीएफओ रेणुकूट कमल कुमार ने बताया कि परमिट से अधिक पेड़ काटे जाने की पुष्टि जांच में हुई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा काटे गए पेड़ों के एवज में जुर्माना भी वसूला जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी वन क्षेत्र के पेड़ नहीं काटे गए हैं। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि परमिट से अधिक लकड़ी काटी गई थी तो उसे नियमानुसार वन रेंज कार्यालय लाया जाना चाहिए था। ग्रामीणों ने वन दरोगा की भूमिका की भी जांच कराने की मांग उठाई है।