डाला, सोनभद्र। चोपन थाना पुलिस के साथ एसओजी की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब एक करोड़ रुपए मूल्य का 142 किलो 100 ग्राम गांजा, दो कार, एक फर्जी नंबर प्लेट, दो मोबाइल फोन और कुछ नकदी रूपए बरामद की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 24 जून को मीतापुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो कारों में भारी मात्रा में गांजा लादकर चोपन की ओर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर चोपन बैरियर पर सघन वाहन चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान शक्तिनगर-वाराणसी मार्ग से आ रही एक इनोवा और एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर गांधी आश्रम के सामने सलखन क्षेत्र में दोनों वाहनों को रोक लिया। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से पांच बोरियों में रखा गया कुल 1 क्विंटल 42 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा एक फर्जी नंबर प्लेट, दो मोबाइल फोन और 900 रुपए नकद भी बरामद किए गए। read more:https://pahaltoday.com/the-ceasefire-will-have-global-implications-for-energy-the-economy-and-diplomacy-which-will-be-a-relief-for-the-general-public/ मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनका एक साथी फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. जावेद (37 वर्ष) निवासी बक्सी का तालाब लखनऊ तथा अनुज कुमार मौर्य उम्र 26 वर्ष निवासी गुरुबक्शगंज रायबरेली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथी ऋषभ सिंह उर्फ आदित्य उर्फ अंकुश के साथ उड़ीसा से गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते थे और इसके बदले मोटी रकम प्राप्त करते थे। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद गांजा, वाहन, मोबाइल फोन, नकदी और फर्जी नंबर प्लेट को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अनुज कुमार मौर्य के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट, चोरी, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।