हत्या के प्रयास में वांछित दो आरोपी गिरफ्तार, तमंचे व कारतूस बरामद

सहारनपुर। थाना गंगोह पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त दो तमंचे (.315 बोर) और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।read more:https://pahaltoday.com/bhandara-in-lucknow-on-5th-may-to-mark-the-successful-organisation-of-somnath-yatra/पुलिस के अनुसार, 1 मई 2026 को ग्राम धौलापड़ा निवासी आसरीन पुत्र मतलूब ने थाना गंगोह में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि नदीम, नावेद, शेखर, मुस्तकीम और तन्नी उर्फ साबेज समेत अन्य आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। इस मामले में थाना गंगोह पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 4 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तन्नी उर्फ साबेज पुत्र खालिद निवासी नागान अम्बेहटा पीर थाना नकुड़ और सरफराज पुत्र अहसान निवासी गोहा अम्बेहटा पीर थाना नकुड़ को सहारनपुर रोड स्थित निर्माणाधीन हाईवे के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना के दिन वे गंगोह क्षेत्र के बुड्ढाखेड़ा रोड स्थित पशु पैठ में भैंस खरीदने गए थे। वहां भैंस के सौदे को लेकर उनका वादी आसरीन से विवाद हो गया था, जिसके बाद उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर तमंचों से फायरिंग कर दी थी।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद तमंचों और कारतूसों के आधार पर मुकदमे में आयुध अधिनियम की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बिलेश कुमार, हेड कांस्टेबल अजीत, हेड कांस्टेबल नितिन त्यागी और हेड कांस्टेबल राहुल कुमार शामिल रहे, जिनकी सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *