सोनभद्र। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन सोनभद्र के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर जनपद के विकास से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और संभावनाओं पर चर्चा करते हुए सोनभद्र को बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से जुड़ा प्रमुख व्यापारिक प्रवेश द्वार बनाने का प्रस्ताव रखा। जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि जनपद की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यहां वेयरहाउसिंग और मल्टी-स्टेट लॉजिस्टिक हब विकसित किए जा सकते हैं, इसके लिए 600 से 800 एकड़ का लैंड बैंक तैयार किया जाए तथा भूमि अधिग्रहण में समस्या होने पर लैंड पूलिंग मॉडल अपनाया जाए, जिससे विकास और जनहित में संतुलन बने। उन्होंने पर्यटन क्षेत्र की अपार संभावनाओं का जिक्र करते हुए इको-टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, होटल-रिसॉर्ट, ट्रैवल सर्विस और स्मारिका बाजार विकसित करने की मांग की तथा मुक्खा फॉल, धनरौल बांध, विजयगढ़ किला, कंडाकोट पहाड़ी और फॉसिल्स पार्क जैसे स्थलों को इको-फ्रेंडली कॉटेज, बर्ड वॉचिंग, मेडिटेशन स्पॉट और नेचर ट्रेल के रूप में विकसित कर स्थानीय युवाओं को गाइड के रूप में प्रशिक्षित करने का सुझाव दिया। नगर अध्यक्ष प्रशांत जैन ने ट्रैकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, बोटिंग, कैंपिंग और बोनफायर जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही।read more:https://pahaltoday.com/increase-in-honorarium-of-shikshamitras-and-instructors-budget-released/जिला कोषाध्यक्ष शरद जायसवाल ने बताया कि गेहूं, दाल और चावल उत्पादन के आधार पर ऑर्गेनिक खेती, हर्बल प्रोडक्ट, कोल्ड स्टोरेज, वेयरहाउसिंग और फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर किसानों की आय बढ़ाई जा सकती है। जिला उपाध्यक्ष राजेश जायसवाल व प्रदीप जायसवाल ने क्लस्टर मॉडल अपनाकर ऑर्गेनिक, हर्बल और फूड प्रोसेसिंग को जोड़कर मजबूत आर्थिक ढांचा तैयार करने की बात कही। वहीं टीपू अली और नागेंद्र मोदनवाल ने करोड़ों की लागत से बने रोडवेज बस स्टैंड के बावजूद बसों का संचालन फ्लाईओवर के नीचे से होने की समस्या उठाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। मौके पर कौशल शर्मा, प्रशांत जैन, शरद जायसवाल, राजेश जायसवाल, राजू जायसवाल, सिद्धार्थ सांवरिया, प्रदीप जायसवाल, टीपू अली, कृष्णा सोनी, नागेंद्र मोदनवाल, यशपाल सिंह, विनय जायसवाल, दिनेश सिंह, पंकज कनोडिया, अभिषेक साहू, अभिषेक गुप्ता सहित कई व्यापारी उपस्थित रहे।