व्यापारियों ने मनाई दानवीर भामाशाह जयंती, राष्ट्रसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का लिया संकल्प

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई द्वारा रेलवे रोड स्थित जिला कार्यालय में दानवीर भामाशाह जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों ने भामाशाह के राष्ट्रप्रेम, त्याग और सेवा भाव को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा भामाशाह जयंती को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाए जाने के निर्णय का स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष शीतल टंडन ने कहा कि दानवीर भामाशाह भारतीय इतिहास के ऐसे महान व्यक्तित्व हैं, जिन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी संपूर्ण संपत्ति महाराणा प्रताप को समर्पित कर देशभक्ति और त्याग का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यापारी को भामाशाह के आदर्शों का अनुसरण करते हुए राष्ट्रहित, समाजसेवा और ईमानदार व्यापार की भावना के साथ कार्य करना चाहिए।read more:https://pahaltoday.com/bangladesh-foreign-minister-who-met-jaishankar-said-send-sheikh-hasina-back/ उन्होंने कहा कि इतिहास इस बात का साक्षी है कि देश पर जब भी कोई संकट आया, व्यापारी समाज ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। शिक्षा, धर्म, सामाजिक सेवा, प्राकृतिक आपदाओं और जरूरतमंदों की सहायता में व्यापारियों की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए व्यापारियों ने कार्यक्रम में एकता, सद्भाव और समाजसेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। शीतल टंडन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा भामाशाह जयंती को व्यापारी कल्याण दिवस घोषित करना व्यापारी समाज के सम्मान की दिशा में सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि इससे व्यापारियों को सामाजिक और आर्थिक विकास में अपनी भूमिका और अधिक प्रभावी ढंग से निभाने की प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम में जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, संजीव सचदेवा, आकाश खुराना, भोपाल सिंह सैनी, अशोक मलिक, राजीव अग्रवाल, संजय महेश्वरी, भीम गिरधर, रोहित सचदेवा, ऋषि टंडन सहित बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने दानवीर भामाशाह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *