शक्तिनगर, सोनभद्र। शक्तिनगर थाना पुलिस ने 40 क्विंटल चोरी के लोहे की सरिया मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कबाड़ी एवं स्क्रैप डीलर अजय कुमार अग्रहरी के रूप में हुई है। पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। चैकी प्रभारी अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामला थाना शक्तिनगर में बीएनएस की संबंधित धाराओं में दर्ज है। इससे पहले पुलिस ने चोरी के लोहे की सरिया से लदा एक पिकअप वाहन बरामद किया था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.40 लाख रुपए बताई गई थी।read more:https://pahaltoday.com/minister-of-state-inaugurated-the-newly-constructed-development-works/ उस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने तीसरे वांछित आरोपी अजय कुमार अग्रहरी पुत्र रामकिशन अग्रहरी निवासी जमशीला बीना, थाना शक्तिनगर को उसके घर से गिरफ्तार किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से भारी मात्रा में लोहे की प्लेटें, सरिया और अन्य कबाड़ सामग्री खुलेआम कबाड़ी दुकानों तक पहुंचाई जाती रही हैं। बताया जाता है कि कुछ लोग ट्रॉली और वाहनों में भरकर या सिर पर लादकर कबाड़ सामग्री लाते थे, जिसे कथित कबाड़ियों द्वारा खरीदा जाता था। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव, हेड कांस्टेबल रामजी तथा चैकी बीना की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।