प्राथमिक विद्यालय में चोरों का धावा: ताला तोड़कर खेल सामग्री समेत हजारों का सामान पार, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

गाजीपुर। जनपद के नगसर क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय पिअजुआं में हुई चोरी की घटना ने शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन की नींद उड़ा दी है। अज्ञात चोरों ने विद्यालय कार्यालय का ताला तोड़कर करीब 30 हजार रुपये मूल्य का सामान चोरी कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।read more:https://pahaltoday.com/the-dilapidated-roads-of-nanpara-have-become-a-problem-the-vip-road-is-also-in-a-dilapidated-condition/जानकारी के अनुसार घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। चोरों ने सुनसान का फायदा उठाते हुए विद्यालय परिसर में प्रवेश किया और कार्यालय का ताला तोड़कर अंदर रखा जरूरी सामान समेट ले गए। चोरी गए सामान में पंखा, कुर्सियां, चटाई तथा खेलकूद से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सामग्री शामिल हैं। विद्यालय के बच्चों के लिए रखी गई खेल सामग्री में बैट-बॉल, कैरम बोर्ड, बैडमिंटन, लूडो, फुटबॉल और वॉलीबॉल जैसी वस्तुएं भी चोर उठा ले गए।सोमवार सुबह जब विद्यालय स्टाफ पहुंचा तो कार्यालय का ताला टूटा देख सभी के होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल प्रधानाध्यापक सुधाकर सिंह को दी गई। प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में इससे पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही चोरी से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सवालों के घेरे में आ गई है। विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई और खेल गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। प्रधानाध्यापक द्वारा मामले की सूचना शिक्षा विभाग एवं स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई। विद्यालय परिसर और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में किसी स्थानीय व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है। खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गौतम ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। शिक्षा विभाग अपने स्तर से भी पूरे मामले की समीक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।  वहीं नगसर थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि चोरी के मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी पड़ताल की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।  लगातार विद्यालयों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं से अभिभावकों और ग्रामीणों में भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो बच्चों की शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *