नानपारा की बदहाल सड़कें बनीं मुसीबत, वीआईपी रोड भी जर्जर

बहराइच ( नानपारा )। नगर की प्रमुख सड़कों की जर्जर हालत अब आमजन के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है। हैरानी की बात यह है कि इनमें एक सड़क वीआईपी रोड के रूप में जानी जाती है, इसके बावजूद लंबे समय से इनका समुचित निर्माण नहीं कराया गया है। जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से स्थानीय लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है।read more:https://pahaltoday.com/celebrated-birthday-with-children-distributed-stationery-and-fruits/
नगर के स्टेशन रोड की मुख्य सड़क की दोनों पटरियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। जगह-जगह गड्ढों के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन रिक्शे पलटने जैसी घटनाएं भी सामने आती रहती हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना रहता है।
इस संबंध में व्यापारी नेता नारायण शाह ने बताया कि वर्षों से इस सड़क का केवल अस्थायी मरम्मत कार्य ही होता आया है। “जब से होश संभाला है, तब से इस सड़क का स्थायी निर्माण नहीं देखा,” उन्होंने कहा। उनका आरोप है कि इस मार्ग के व्यापारी जिले में सबसे अधिक टैक्स अदा करते हैं, बावजूद इसके सड़क की हालत बदतर बनी हुई है।उन्होंने यह भी बताया कि इसी मार्ग पर कई वीआईपी परिवार निवास करते हैं और स्कूल बसों का लगातार आवागमन होता है, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। इसके बावजूद जनप्रतिनिधि इस ओर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।वहीं दूसरी ओर रूपैडीहा मार्ग की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। डिग्री कॉलेज के पास से ड्रीम हाउस बाईपास तक सड़क की दोनों पटरियां पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हैं। इसी मार्ग पर नानपारा विधायक का कार्यालय भी स्थित है, लेकिन इसके बावजूद सड़क की हालत सुधर नहीं सकी है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि चुनाव के दौरान विधायक रामनिवास वर्मा ने सड़क के शीघ्र निर्माण का आश्वासन दिया था, लेकिन तीन वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कार्य शुरू नहीं हो सका। हालांकि हाल ही में एक बार फिर जल्द निर्माण शुरू कराने की बात कही गई है।क्षेत्रीय लोगों ने शासन-प्रशासन से जनहित में दोनों प्रमुख सड़कों का शीघ्र निर्माण कराए जाने की मांग की है, ताकि आमजन को इस समस्या से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *