लोकजन सोशलिस्ट पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गाजीपुर जिले के थाना करण्डा क्षेत्र के ग्राम धरम्मरपुर कटरिया निवासी निशा विश्वकर्मा हत्याकांड को लेकर डीएम के माध्यम से सूबे के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। जिसमे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई है।
जिलाध्यक्ष श्रवण राज विश्वकर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि निशा विश्वकर्मा के साथ कथित रूप से दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर शव को गंगा नदी किनारे फेंक दिया गया। जिससे पूरे समाज में आक्रोश है। प्रतिनिधिमंडल ने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।read more:https://pahaltoday.com/numerical-strength-has-special-importance-in-democracy-dr-neeraj-bora/
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विरेन्द्र विश्वकर्मा के निर्देश पर सौंपे गए ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि मृतका के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई से कराए जाने की मांग की गई, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके।
इसके अलावा पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों इसके लिए ठोस व्यवस्था किए जाने और संबंधित पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की भी मांग उठाई गई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता तब तक संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान शिवकुमार विश्वकर्मा, प्रमोद कुमार विश्वकर्मा, ज्ञानप्रकाश विश्वकर्मा, बनवारी लाल विश्वकर्मा, गुड्डू विश्वकर्मा, स्वामीनाथ विश्वकर्मा, अनिल विश्वकर्मा और साहेबदीन शर्मा मौजूद रहे।