लाभांश बढ़ा तो 1,380 कोटेदारों के चेहरों पर आई मुस्कान

बाराबंकी। प्रदेश सरकार की ओर से उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में 35 रुपये प्रति कुंतल की बढ़ोतरी किए जाने से जिले के 1,380 कोटेदारों में खुशी की लहर है। लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किए जाने को कोटेदारों ने आर्थिक मजबूती के साथ उनकी मेहनत के सम्मान से जोड़कर देखा है। उचित दर विक्रेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित आभार ज्ञापन सौंपा। लाभांश में हुई वृद्धि से कोटेदारों की आय में सीधा इजाफा होगा। उदाहरण के तौर पर 100 कुंतल खाद्यान्न वितरित करने वाले उचित दर विक्रेता को पहले करीब 12,750 रुपये प्रतिमाह लाभांश मिलता था, जो अब बढ़कर लगभग 16,250 रुपये हो जाएगा। यानी समान मात्रा में खाद्यान्न वितरण पर करीब 3,500 रुपये प्रतिमाह अतिरिक्त लाभांश मिलेगा। उचित दर विक्रेताओं ने कहा कि राशन वितरण केवल खाद्यान्न बांटने तक सीमित नहीं है, बल्कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र परिवारों तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। सरकार ने लाभांश बढ़ाकर उनकी मेहनत और जिम्मेदारी का सम्मान किया है। इससे उनका मनोबल बढ़ेगा और वे और अधिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर सकेंगे।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignetteसार्वजनिक वितरण प्रणाली में ई-पॉस मशीनों के माध्यम से राशन वितरण और सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी जैसी व्यवस्थाओं से पारदर्शिता बढ़ी है। खाद्यान्न की आपूर्ति से लेकर लाभार्थी तक पहुंचने की प्रक्रिया अधिक जवाबदेह हुई है। कोटेदारों का कहना है कि तकनीक आधारित व्यवस्था से राशन वितरण को लेकर आमजन का विश्वास भी मजबूत हुआ है। जिले के 1,380 उचित दर विक्रेता गांवों और कस्बों में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना समेत सार्वजनिक वितरण प्रणाली की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने में कोटेदार शासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। लाभांश में वृद्धि से इस व्यवस्था से जुड़े लोगों को आर्थिक संबल मिलने की उम्मीद है। उचित दर विक्रेताओं ने कहा कि लाभांश बढ़ने से वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन और उत्साह के साथ कर सकेंगे। इससे पात्र लाभार्थियों तक समय से खाद्यान्न पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने लाभांश वृद्धि के निर्णय के लिए कैबिनेट मंत्री (खाद्य एवं रसद) मनोज पांडेय और राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा के प्रति भी आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल में विजय पाल गौतम, सुरेंद्र सिंह, मुहम्मद कामिल, वेद प्रकाश और गोविंद शरण बाजपेयी समेत बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *