पंजाब की जनता को चुटकुले नहीं, विकास और समस्याओं का समाधान चाहिए — मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

नई दिल्ली : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब की जनता को चुटकुले, प्रचार और विज्ञापन नहीं, बल्कि विकास, रोजगार, उद्योगों की सुरक्षा और अपनी समस्याओं का समाधान चाहिए। पंजाब के लोगों की क्षमता और परिश्रम में कभी कोई कमी नहीं रही, लेकिन प्रदेश को सही दिशा न दे पाने वाली सरकारों की नीति, नीयत और नेतृत्व ने पंजाब को विकास की दौड़ में पीछे कर दिया है।मुख्यमंत्री रविवार को पटियाला के गांव ककराला में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व मंत्री महारानी परनीत कौर व प्रोफेसर मलकीत सिंह व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। इस मौके पर सैंकड़ों की संख्या में लोगों ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा। मुख्यमंत्री ने सभी का पार्टी ज्वाइन करने पर स्वागत किया।श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब और हरियाणा भले ही दो अलग-अलग राज्य हैं, लेकिन दोनों की जड़ें, संस्कृति और विरासत एक हैं। गुरुओं, पीरों और बलिदानियों की इस महान धरती को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब पूछ रही है कि इतनी उपजाऊ धरती, मेहनती लोग और अपार संभावनाएं होने के बावजूद पंजाब पीछे क्यों रह गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय पंजाब देश के सबसे समृद्ध राज्यों में गिना जाता था। पंजाब बनने के लगभग 19 वर्ष बाद अस्तित्व में आया हरियाणा आज आर्थिक प्रगति में पंजाब से बहुत आगे निकल चुका है। वर्ष 2025-26 में हरियाणा की वास्तविक आर्थिक विकास दर 9.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि पंजाब की विकास दर केवल 6.1 प्रतिशत है। इस प्रकार हरियाणा, पंजाब से 3.4 प्रतिशत अधिक तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी प्रकार, वर्ष 2026-27 में हरियाणा की अर्थव्यवस्था लगभग 15 लाख 18 हजार करोड़ रुपये और पंजाब की लगभग 9 लाख 81 हजार करोड़ रुपये अनुमानित है। दोनों राज्यों के आर्थिक आकार में लगभग 5 लाख 38 हजार करोड़ रुपये का अंतर है। यह अंतर सही नीति, साफ नीयत और जवाबदेह नेतृत्व का अंतर है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2023-24 में देश की जीडीपी में हरियाणा की हिस्सेदारी लगभग 3.6 प्रतिशत थी, जबकि पंजाब की हिस्सेदारी लगभग 2.4 प्रतिशत थी। हरियाणा की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत की 176.8 प्रतिशत और पंजाब की 106.7 प्रतिशत आंकी गई।मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय पंजाब की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से लगभग दोगुनी हुआ करती थी, लेकिन आज परिस्थितियां बदल गई हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता को इसका जवाब चाहिए कि प्रदेश की आर्थिक क्षमता का पूरा उपयोग क्यों नहीं हो पा रहा है।

read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/

प्रचार और विज्ञापन से नहीं, काम से मजबूत होती है अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को काम से अधिक प्रचार और परिणाम से अधिक विज्ञापन दिए हैं। झूठे दावे दोहराने से अर्थव्यवस्था मजबूत नहीं होती। अर्थव्यवस्था तब मजबूत होती है, जब उद्योगों को सुरक्षा मिले, युवाओं को रोजगार मिले, व्यापारियों को भरोसा मिले, किसानों को लाभकारी मूल्य मिले और सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सीधे जनता तक पहुंचे।उन्होंने कहा कि लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनना और उनका समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है। चुटकुले सिनेमा हॉल में चलते हैं, लेकिन जनता के बीच काम, विकास और जनसमस्याओं के समाधान की बात होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भी पंजाब के लोगों से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। आम आदमी पार्टी ने भी अनेक वादे किए, लेकिन वे वादे ही रह गए और लोगों को समस्याओं से राहत नहीं मिली।

हरियाणा सरकार ने 217 में से 70 वादे किए पूरे

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्तमान भाजपा सरकार ने जनता से किए वादों को पूरा करने का काम किया है। 2024 के विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए 217 वादों में से 70 वादे 18 महीने के कार्यकाल में पूरे किए जा चुके हैं।श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने किडनी रोगियों को बड़ी राहत दी है। डायलिसिस करवाने में मरीजों को प्रति डायलिसिस 25 से 30 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ते थे। लेकिन चुनावी संकल्प पत्र में किए गए वादे के अनुसार हरियाणा सरकार ने डायलिसिस का पूरा खर्च माफ करने का निर्णय लागू किया है। अब मरीजों को इसके लिए अपनी जेब से पैसा खर्च नहीं करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए किए गए वादों को भी पूरा किया है। जिन परिवारों की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक है, उन परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है। पिछले 18 महीनों में महिलाओं के खातों में 300 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा करवाई गई है।उन्होंने कहा कि महिलाओं को दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 2100 रुपये मासिक सहायता देने का वादा भी लागू किया गया है। सरकार ने अपने पहले ही बजट में इसके लिए 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था। पिछले 18 महीनों में महिलाओं के खातों में 2000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा करवाई जा चुकी है।

हरियाणा में किसानों की पूरी फसल एमएसपी पर खरीदी जा रही

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार ने किसानों से किए गए वादे के अनुसार उनकी पूरी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने का काम किया है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां किसानों की पूरी फसल एमएसपी पर खरीदी जा रही है। किसानों के खातों में 48 से 72 घंटे के भीतर फसल का पूरा भुगतान करने का काम किया जा रहा है। यदि भुगतान में 72 घंटे से अधिक समय लगता है, तो किसानों को ब्याज सहित भुगतान किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *