यज्ञोपवीत संस्कार समारोह की भव्यता के लिए संगठन ने जिम्मेदारियां सौंपी

लखनऊ। अक्षय तृतीया को अखिल भारतीय ब्रह्म समाज द्वारा आयोजित होने वाले 24वें सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार को भव्यता प्रदान करने के उद्देश्य से संगठन की महत्वपूर्ण बैठक केन्द्रीय कार्यालय मुण्डावीर‌‌ मंदिर परिसर आजाद नगर, आलमबाग लखनऊ में सम्पन्न हुई।संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री देवेन्द्र शुक्ल ने बताया कि 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर नया हनुमान मंदिर,निकट कपूरथला चौराहा, अलीगंज, लखनऊ में आयोजित होने वाले यज्ञोपवीत संस्कार समारोह में 151 बटुकों का वैदिक विधि -विधान से काशी , चित्रकूट और नैमिषारण्य के श्रेष्ठ आचार्यों द्वारा यज्ञोपवीत संस्कार सम्पन्न होगा। लगभग 5000 अतिथियों के लिए जलपान व‌ भोजन की व्यवस्था की जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष श्री विजय त्रिपाठी जी ने बताया कि आयोजन को सुव्यवस्थित व भव्य बनाने के लिए पदाधिकारियों को दायित्व दिये गये हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष सी पी अवस्थी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पदाधिकारीगण अपने -अपने दायित्वों का निर्वहन गम्भीरता पूर्वक करें । कार्यक्रम स्थल पर प्रातः 8 बजे से पहले पहुंचें तथा व्यवस्था को चाक -चौबन्द करें ताकि किसी भी बटुक, उनके परिजनों व अतिथियों  को कोई असुविधा न होने पाये। बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डी एस पाण्डेय, राम कुमार चौबे, अच्युतानंद धर द्विवेदी, गिरिजा शंकर त्रिपाठी, प्रशांत दीक्षित, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ शशि मिश्रा, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी हरीश तिवारी, लखनऊ जनपद सचिव शैलेन्द्र शुक्ल, दिनेश चन्द्र अवस्थी, पवित्र सिंह आदि ने भी अपने विचार व सुझाव साझा किये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *