दीपदान, हवन-पूजन व भंडारे के साथ श्रीराम कथा का भव्य समापन

बहराइच (पयागपुर तहसील)। पयागपुर क्षेत्र में आयोजित श्रीराम कथा एवं गायत्री महायज्ञ का भव्य समापन दीपदान, हवन-पूजन एवं विशाल भंडारे के साथ श्रद्धा, आस्था और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रातःकाल विधि-विधान से हवन-पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने आहुति देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की। इससे पूर्व मंगलवार रात्रि में भव्य दीपदान का आयोजन हुआ, जिसमें 1008 दीपकों को सामूहिक रूप से प्रज्वलित किया गया। दीपों की जगमगाहट से पूरा परिसर आलोकित हो उठा और वातावरण भक्ति व आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे क्षेत्रीय विधायक सुभाष त्रिपाठी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के आदर्शों और मार्गदर्शन पर चलकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने गायत्री मिशन के कार्यों की सराहना करते हुए इसे संस्कार, नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना का संवाहक बताया। साथ ही राम राज्य की परिकल्पना को साकार करने हेतु सभी से सहयोग की अपील की। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा सनातन धर्म के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति के ज्ञान प्रकाश शुक्ला, मालिक राम शर्मा, वशिष्ठ त्रिपाठी, श्याम बिहारी सहित अन्य सदस्यों ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना रहा, जिससे पयागपुर का धार्मिक वातावरण और अधिक प्रफुल्लित हो उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *