3 और 4 जून को जनपद के 6 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा, 8220 परीक्षार्थी देंगे टीजीटी परीक्षा 

भदोही। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक एवं टीजीटी परीक्षा 3 और 4 जून को जनपद के 6 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। दोनों दिन दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में कुल 8220 परीक्षार्थी शामिल होंगे। नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। एडीएम शुभांगी शुक्ला की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इस दौरान एडीएम ने सभी 6 परीक्षा केंद्रों के हर कमरे में सीसीटीवी क्रियाशील रखने और जनरेटर एक्टिव मोड में रखने के निर्देश दिए, ताकि बिजली कटने पर भी निगरानी बनी रहे। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले रास्तों का पहले से भ्रमण करने को कहा। बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और रैन बसेरा तक साइनेज व चार्ट बोर्ड लगवाए जाएंगे। प्रत्येक कक्ष में दीवार घड़ी और चेकिंग स्थल पर छाया की व्यवस्था होगी। सीएमओ को सभी केंद्रों पर ओआरएस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। एडीएम ने कहा कि परीक्षा की संवेदनशीलता देखते हुए केंद्रों के 200 मीटर दायरे में धारा-163 लागू रहेगी। ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर रोक और परीक्षा परिसर में मोबाइल, आईटी गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।read more:https://pahaltoday.com/the-woman-appealed-to-the-superintendent-of-police-for-justice-alleging-theft-of-jewellery-and-cash-worth-lakhs/हर केंद्र पर पर्याप्त पुलिस कर्मी अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए तैनात रहेंगे। प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। प्रश्नपत्र के रख-रखाव और संचरण में सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज और स्टेशन अधीक्षक रेलवे को अभ्यर्थियों के आवागमन के लिए अतिरिक्त बसों और रेलवे स्टेशन पर विशेष व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। डीआईओएस केंद्रों पर बिजली, पानी, जनरेटर और स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा से 2 दिन पहले प्रमुख चौराहों, रोडवेज और रेलवे स्टेशन पर होर्डिंग लगाई जाएगी जिसमें रूट चार्ट और केंद्रों की दूरी अंकित होगी। सीएमओ हर केंद्र पर एक चिकित्साधिकारी नामित कर एम्बुलेंस और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र को सक्रिय रखेंगे। एक्सईएन विद्युत निर्वाध बिजली के लिए हर केंद्र पर अवर अभियंता तैनात करेंगे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अग्नि सुरक्षा के इंतजाम कराएंगे। अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा रोडवेज, रेलवे स्टेशन और केंद्रों के पास खाद्य सामग्री की शुद्धता जांचेंगे। इस मौके पर डीआईओएस अंशुमान सहित सभी केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *