इंस्टाग्राम पर गैंगस्टर बनने का शौक पड़ा भारी. पुलिस ने घर से उठाकर कराई काउंसलिंग. BNSS में चालान

सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत थाना सिधारी पुलिस ने इंस्टाग्राम पर गैंग बनाकर वीडियो पोस्ट करने वाले युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम की नजर  “sr_mahatma_ji_0009_10k” नामक इंस्टाग्राम आईडी पर पड़ी, जहां कुछ युवक गैंग के रूप में घूमते हुए वीडियो अपलोड कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि ऐसे वीडियो समाज में भय का माहौल पैदा करने के साथ युवाओं को भी गलत दिशा में प्रेरित करते हैं।जांच के दौरान पुलिस ने गैंग के कथित लीडर के रूप में 19 वर्षीय प्रिंस कुमार, निवासी ग्राम बभनौली अड़ाई, थाना सिधारी की पहचान की। इसके बाद उसे थाने बुलाया गया, जहां उसके अभिभावकों की मौजूदगी में लंबी काउंसलिंग की गई। पुलिस अधिकारियों ने युवक को कानून व्यवस्था, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, यातायात नियमों और गैंग संस्कृति के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से समझाया। साथ ही भविष्य में इस तरह की किसी भी गतिविधि में शामिल न होने की सख्त चेतावनी दी गई।काउंसलिंग के बाद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135 के तहत युवक का चालान कर विधिक कार्रवाई की। पुलिस ने उसके अभिभावकों से भी बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने की अपील की।read more:https://khabarentertainment.in/staff-nurse-accuses-blood-center-operator-of-sexual-harassment-intimidation-and-mental-harassment-case-registered/आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, गैंग बनाकर वीडियो बनाना, धमकी देना या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रंजन कुमार साव एवं रिक्रूट आरक्षी रफीक, थाना सिधारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *