गंगोह। क्षेत्र के बड़गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय (कंपोजिट) में बारिश में के दिनों में गंभीर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। हल्की बारिश होते ही विद्यालय परिसर तालाब में तब्दील हो जाता है, जिससे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को कक्षाओं तक पहुंचने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। इस विद्यालय में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर कुल 142 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और पांच शिक्षक कार्यरत हैं। विद्यालय का भवन मुख्य सड़क से नीचे होने के कारण बारिश का पानी सीधे परिसर में जमा हो जाता है। कई दिनों तक पानी भरे रहने से परिसर में कीचड़ फैल जाता है और झाड़ियां उग आती हैं, जिससे फिसलने और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। पेयजल की समस्या भी बनी हुई है, क्योंकि विद्यालय परिसर में लगा हैंडपंप लंबे समय से खराब है। हालांकि, सबमर्सिबल मोटर से पानी की व्यवस्था की जा रही है, लेकिन जलभराव के दौरान यह भी प्रभावित होती है।read more:https://khabarentertainment.in/relief-rain-falls-from-the-sky-in-bhadohi-the-carpet-city/ जमा पानी में मच्छर, जहरीले कीड़े-मकोड़े और सांप पनपने का खतरा रहता है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं। विद्यालय स्टाफ ने कई बार संबंधित अधिकारियों से जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, लेकिन अब तक इस समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने भी विद्यालय परिसर को ऊंचा उठाने और जलभराव से मुक्ति दिलाने की अपील की है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सके।