सेंट जोसफ स्कूल बड़हलगंज में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस

बड़हलगंज। सेंट जोसफ स्कूल बड़हलगंज में शनिवार को शिक्षक दिवस का आयोजन अत्यंत उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर रिंसो जोसफ का सिस्टर अर्चना ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
समारोह के दौरान सीनियर छात्राओं के लिए अंतर-सदन नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के चार सदनों रेड, येलो, ग्रीन और ब्लू हाउस की छात्राओं ने अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन किया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच ब्लू हाउस ने प्रथम, येलो हाउस ने द्वितीय और रेड हाउस ने तृतीय स्थान हासिल कर बाजी मारी। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सिस्टर अर्चना, सिस्टर टेस्सी, सिस्टर आयना, शिक्षिका मिस श्रेया एवं मिस ज्योति शामिल रहीं।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/
कर्तव्यबोध और गुरु की महिमा का दिया संदेश
मुख्यातिथि फादर रिंसो जोसफ ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को शिक्षकों के योगदान से अवगत कराया। उन्होंने महाभारत के कुरुक्षेत्र का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि जब अर्जुन अपने संबंधियों को सामने देखकर दुविधा में पड़ गए थे, तब भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें कर्तव्य का बोध कराया था। ठीक उसी प्रकार गुरु भी शिष्य को उसके दायित्वों का स्मरण कराकर सही राह दिखाता है।उन्होंने कहा कि दुनिया में माता-पिता और गुरु—इन तीनों का स्थान सर्वोपरि है। एक अच्छा शिक्षक उस मोमबत्ती के समान होता है, जो दूसरों को रोशन करने के लिए स्वयं को खपा देता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षक दिवस केवल 5 सितंबर तक सीमित नहीं, बल्कि हर दिन सम्मान का पर्व है। कार्यक्रम के अंत में फादर रिंसो जोसफ ने शिक्षकों को उनके सामाजिक उत्तरदायित्वों की याद दिलाते हुए बधाई दी। विद्यालय के कप्तान अनुभव पांडेय ने सभी अतिथियों व शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन छात्र-छात्राओं द्वारा ही कुशलतापूर्वक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *