प्रधान पद के दावेदार शिवा राजा की संदिग्ध मौत, बाग में मिला शव, कनपटी में गोली लगने से गई जान”

आजमगढ़।जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब ग्राम प्रधान पद के दावेदार एक युवक का शव गांव के बाहर स्थित बाग में गोली लगने की अवस्था में मिला। युवक की कनपटी में गोली लगी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और तरह तरह की चर्चाओं का माहौल है। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या से जोड़कर देख रही है, लेकिन हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।जानकारी के अनुसार जीयनपुर थाना क्षेत्र के केशवपुर महमूद पट्टी गांव निवासी 22 वर्षीय नागेंद्र यादव उर्फ शिवा राजा पुत्र हरेंद्र यादव मंगलवार सुबह गांव के दक्षिण दिशा में स्थित नारा के पास बाग में मृत अवस्था में पाए गए। उनके सिर की कनपटी पर गोली लगने का निशान था। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।परिजनों का कहना है कि नागेंद्र ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हालांकि घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे की वास्तविक वजह क्या रही, इसका स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हो सका है। युवक की मौत के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।बताया जा रहा है कि नागेंद्र यादव उर्फ शिवा राजा गांव की सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे।read more:https://pahaltoday.com/mohsina-kidwai-passes-away-an-era-has-come-to-an-end/आगामी ग्राम प्रधान चुनाव को लेकर भी उनकी चर्चा क्षेत्र में थी और उन्हें प्रधान पद का संभावित दावेदार माना जा रहा था। ऐसे में उनकी अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।घटना की सूचना पर जीयनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।मृतक अपने पीछे माता सोना देवी, पिता हरेंद्र यादव, भाई प्रवीण यादव सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। जवान बेटे की मौत से परिवार का रो रोकर बुरा हाल है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल आत्महत्या, दुर्घटना और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। वहीं घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चाओं का बाजार गर्म है तथा लोग इस रहस्यमयी मौत को लेकर तरह तरह की अटकलें लगा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *