शक्तिनगर, सोनभद्र। एनटीपीसी शक्तिनगर के आवासीय परिसर स्थित संत जोसेफ स्कूल में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने पर छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। सुमित पात्रा ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अंश गुप्ता एवं प्रत्युष कुमार ने 96.4 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जाह्नवी तिवारी ने तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर डॉ. विंसेंट परेरा ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि बोर्ड परीक्षा के परिणाम केवल अंकों का प्रतिबिंब नहीं बल्कि परिश्रम, अनुशासन, धैर्य और समर्पण की सच्ची पहचान होते हैं। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों की सराहना करते हुए इसे उनके अथक प्रयास और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया। इस वर्ष कुल 45 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, विषयवार प्रदर्शन में आईटी में सुमित, अंश, ममता, शौर्य, तेजस, शुभम और केविन ने 100 अंक हासिल किए। हिंदी में अक्षिता राय को 100 अंक, साइंस में शौर्य राय को 100 अंक, सामाजिक विज्ञान में आदी अग्रवाल को 99 अंक, गणित में अंश गुप्ता को 95 अंक तथा अंग्रेजी में राहुल कुमार को 98 अंक प्राप्त हुए। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।